गुरुवार, 5 फ़रवरी 2026

केन्द्रीय विद्यालय एस.जी.पी.जी.आई. लखनऊ में परीक्षा पे चर्चा का सीधा प्रसारण



केन्द्रीय विद्यालय एस.जी.पी.जी.आई. लखनऊ में परीक्षा पे चर्चा का सीधा प्रसारण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेशों से विद्यार्थियों में दिखा उत्साह और आत्मविश्वास

लखनऊ। केन्द्रीय विद्यालय, एस.जी.पी.जी.आई. प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा आयोजित “परीक्षा पे चर्चा” के नवें सत्र का सीधा प्रसारण अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आज दिनांक 06 फरवरी 2026 को विद्यालय परिसर में किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय में बड़ी एल.ई.डी. स्क्रीन की व्यवस्था की गई, ताकि विद्यालय के सभी विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक एक साथ कार्यक्रम का लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रातः ठीक 10:00 बजे आरंभ हुआ।

नई दिल्ली स्थित अपने आधिकारिक आवास से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने देश के विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों से अत्यंत रोचक, सहज एवं प्रेरक अंदाज़ में संवाद किया। उन्होंने परीक्षा के तनाव से मुक्ति, परीक्षा को उत्सव की तरह लेने, जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन तथा उच्च नैतिक मूल्यों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। प्रधानमंत्री  के संवाद को विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग और एकाग्रता के साथ सुना।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 529 विद्यार्थियों, 16 अभिभावकों तथा 28 स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में न केवल परीक्षा को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में संतुलन और सर्वांगीण विकास का संदेश भी दिया।

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. कौशलेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि,

“आज के समय में बच्चों के शैक्षिक विकास के साथ-साथ उनके संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों का विकास अत्यंत आवश्यक है। मूल्यों का विकास तभी संभव है जब हम बच्चों को व्यवहारिक रूप से सिखाएँ। किसी भी कार्य को बिना तनाव के करने से उसकी गुणवत्ता स्वतः बढ़ जाती है। हमारी आने वाली पीढ़ी तभी उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकेगी, जब वे सशक्त एवं संस्कारवान नागरिक बनेंगे। इस दिशा में माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी का यह प्रयास अत्यंत सार्थक, सकारात्मक, सराहनीय एवं अनुकरणीय है।”

कार्यक्रम के सुगम एवं सफल आयोजन में कार्यक्रम संयोजक एवं विद्यालय के सी.सी.ए. प्रभारी  शोएब इस्लाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त  वरुण कुमार,  फराजुल हसन, डॉ. नलिनी श्रीवास्तव,  उषा यादव, नंदनी गौतम, प्रतिमा शर्मा, ज्योति मिश्रा, संगीता सहित अन्य शिक्षकों का भी विशेष योगदान रहा।

विद्यालय परिवार ने प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें