एसजीपीजीआई में अटेवा की जनजागरण यात्रा का स्वागत, लता सचान बनीं प्रदेश सह प्रभारी
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में अटेवा उत्तर प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष विजय कुमार बंधु की जनजागरण यात्रा का नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन (एनएसए) के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण के विरोध और कर्मचारी अधिकारों की रक्षा के आंदोलन को समर्थन देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विजय कुमार बंधु ने नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन की अध्यक्ष लता सचान को अटेवा उत्तर प्रदेश महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश सह प्रभारी नियुक्त किए जाने की घोषणा की। इस अवसर पर कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में विजय कुमार बंधु ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली केवल कर्मचारियों की मांग नहीं, बल्कि उनके सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन का सवाल है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में चल रही जनजागरण यात्रा को शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों, अधिवक्ताओं और विभिन्न कर्मचारी संगठनों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
लता सचान ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ते निजीकरण और संविदाकरण का असर कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता पर भी पड़ रहा है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से एकजुट होकर कर्मचारी हितों की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस दौरान विजय कुमार बंधु ने 25 सितंबर को लखनऊ में प्रस्तावित विशाल कर्मचारी-शिक्षक एवं पेंशन बचाओ रैली को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद सभी कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष जारी रखने और रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विवेक सागर, सुजान सिंह, भानु, मनोज, सुखलेश, मंजू, अश्वनी, अनुलीना, सुरेन्द्र, विकास, संदीप, अजय, दीप्ति समेत अनेक कर्मचारी और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें