शुक्रवार, 12 जून 2026

स्तन कैंसर सर्जरी के बाद मरीजों को मिलेगा बेहतर पुनर्वास, केएसएसएससीआई ने अस्तित्व फाउंडेशन से किया समझौता

 


स्तन कैंसर सर्जरी के बाद मरीजों को मिलेगा बेहतर पुनर्वास, केएसएसएससीआई ने अस्तित्व फाउंडेशन से किया समझौता

महिलाओं की जीवन गुणवत्ता सुधारने के लिए शुरू होगी समन्वित पुनर्वास व्यवस्था


लखनऊ। स्तन कैंसर सर्जरी के बाद मरीजों को बेहतर पुनर्वास सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (केएसएसएससीआई) ने अस्तित्व फाउंडेशन के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल से स्तन कैंसर का इलाज करा चुकी महिलाओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सामान्य जीवन में लौटने में मदद मिलेगी।

संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट और अस्तित्व फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर मयंक शुक्ला के बीच हुए इस समझौते के तहत संस्थान में ब्रेस्ट कैंसर सर्जरी रिहैबिलिटेशन क्लीनिक के संचालन के लिए समन्वित कार्यप्रणाली विकसित की जाएगी। इसके माध्यम से सर्जरी के बाद मरीजों के पुनर्वास, परामर्श, फिजियोथेरेपी, कृत्रिम स्तन (प्रोस्थेसिस) संबंधी सहायता और जीवन की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विशेषज्ञों के अनुसार स्तन कैंसर सर्जरी के बाद कई महिलाओं को हाथों में सूजन, कंधे की जकड़न, शारीरिक असहजता और आत्मविश्वास में कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नया कार्यक्रम इन चुनौतियों को कम करने में मदद करेगा और मरीजों को अधिक सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर देगा।

प्रो. भट्ट ने कहा कि यह सहयोग संस्थान में चल रहे ब्रेस्ट रिहैबिलिटेशन एवं प्रोस्थेसिस कार्यक्रम को और सशक्त बनाएगा। वहीं अस्तित्व फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कैंसर से जूझ चुकी महिलाओं को समग्र सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. आयुष लोहिया, शोध अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें