रविवार, 21 जून 2026

3 वर्ष का सेवा विस्तार देकर अनुभवी कर्मचारियों को बनाए रखने की अपील

 

संजय गांधी पीजीआई कर्मचारी महासंघ ने गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 63 वर्ष करने की मांग उठाई।


मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, 3 वर्ष का सेवा विस्तार देकर अनुभवी कर्मचारियों को बनाए रखने की अपील


पुनर्नियुक्ति की व्यवस्था समाप्त कर सभी कर्मचारियों को समान अवसर देने की मांग


लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान  कर्मचारी महासंघ ने संस्थान के सभी गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों (नॉन-टीचिंग स्टाफ) की  सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 63 वर्ष किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री और राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन भेजा गया है।

कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष धर्मेश कुमार और महामंत्री सीमा शुक्ला ने कहा कि संस्थान में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के बीच सेवानिवृत्ति आयु को लेकर असमानता बनी हुई है। जहां शिक्षण संकाय के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष है, वहीं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी केवल 60 वर्ष की आयु तक ही सेवाएं दे पाते हैं।

उन्होंने कहा कि संस्थान में बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं या आने वाले वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इसके बाद कई विभागों में कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए तीन वर्ष तक पुनर्नियुक्ति की व्यवस्था अपनाई जा रही है। महासंघ का कहना है कि नियमित कर्मचारियों को ही सीधे 63 वर्ष तक सेवा का अवसर देना अधिक व्यावहारिक और पारदर्शी व्यवस्था होगी।

धर्मेश कुमार और सीमा शुक्ला ने कहा कि गैर-शैक्षणिक कर्मचारी प्रशासनिक, तकनीकी और संस्थागत कार्यों का वर्षों का अनुभव रखते हैं। इन कर्मचारियों की विशेषज्ञता संस्थान की कार्यप्रणाली को सुचारु रूप से चलाने, नए कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब संस्थान के शिक्षण संकाय को 65 वर्ष, निदेशक को 68 वर्ष और कुछ कर्मचारियों को पुनर्नियुक्ति के माध्यम से 63 वर्ष तक काम करने का अवसर मिल रहा है, तो समस्त गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को भी समान अवसर मिलना चाहिए। महासंघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि संस्थान हित और मरीज हित को ध्यान में रखते हुए सभी नियमित गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को 3 वर्ष का सेवा विस्तार देते हुए सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाकर 63 वर्ष की जाए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें