शुक्रवार, 19 जून 2026

कैंसर संस्थान में खुलेगा प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र, मरीजों को सस्ती दरों पर मिलेंगी दवाएं



कैंसर संस्थान में खुलेगा प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र, मरीजों को सस्ती दरों पर मिलेंगी दवाएं

लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान में जल्द ही प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र शुरू किया जाएगा। इसके लिए गुरुवार को संस्थान, बी-पैक्स सोनई कजेरहा और सूर्य देव लक्ष्मी मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस पहल का उद्देश्य कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है, जिससे उनके इलाज पर होने वाला आर्थिक बोझ कम किया जा सके।

समझौता ज्ञापन पर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट, बी-पैक्स सोनई कजेरहा के सचिव अभिषेक सहाय और सूर्य देव लक्ष्मी मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की मुख्य ट्रस्टी अलका सिंह ने हस्ताक्षर कर दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।

प्रस्तावित प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र संस्थान परिसर में संचालित होगा और भारत सरकार की प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप काम करेगा। इस योजना के तहत मरीजों को बाजार में उपलब्ध ब्रांडेड दवाओं की तुलना में काफी कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि यह केंद्र विशेष रूप से कैंसर रोगियों और लंबे समय तक इलाज करा रहे मरीजों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा। उन्हें एक ही परिसर में गुणवत्तापूर्ण दवाएं सस्ती दरों पर मिल सकेंगी। यह पहल मरीज-केंद्रित, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की संस्थान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

बी-पैक्स सोनई कजेरहा और सूर्य देव लक्ष्मी मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होते ही जनऔषधि केंद्र शुरू कर दिया जाएगा और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि यह समझौता सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने तथा जरूरतमंद मरीजों तक आवश्यक दवाओं की पहुंच आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर संस्थान के डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, कार्यपालक कुलसचिव डॉ. आयुष लोहिया, वित्त अधिकारी उपेंद्र तिवारी, अनुसंधान एवं अकादमिक सलाहकार डॉ. एस. श्रीवास्तव तथा सूर्य देव लक्ष्मी मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष पीयूष अग्रवाल सहित संस्थान और संबंधित संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी  मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें