शुक्रवार, 19 जून 2026

कैंसर संस्थान में तीमारदारों को मिलेगा निःशुल्क पौष्टिक भोजन, 'अपनी थाली' योजना शुरू

 

कैंसर संस्थान में तीमारदारों को मिलेगा निःशुल्क पौष्टिक भोजन, 'अपनी थाली' योजना शुरू

लखनऊ। मरीजों के साथ अस्पताल में रहने वाले तीमारदारों को अब कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान में निःशुल्क पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए गुरुवार को संस्थान, आरएवीसी फाउंडेशन और शारदा वेलफेयर सोसायटी के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के तहत "अपनी थाली" योजना संचालित की जाएगी। इसके जरिए मरीजों के परिजनों और तीमारदारों को संस्थान परिसर में ही स्वच्छ, पौष्टिक और संतुलित भोजन सम्मानपूर्वक उपलब्ध कराया जाएगा।

समझौता ज्ञापन पर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट, आरएवीसी फाउंडेशन के निदेशक रोहित पाण्डेय और शारदा वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अतुल तिवारी ने हस्ताक्षर कर दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।

योजना के तहत आरएवीसी फाउंडेशन अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधि के अंतर्गत आर्थिक सहयोग देगा, जबकि शारदा वेलफेयर सोसायटी संस्थान परिसर में निर्धारित स्थान पर भोजन वितरण की व्यवस्था संभालेगी।

संस्थान प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में लंबे समय तक भर्ती मरीजों के साथ रहने वाले परिजनों को भोजन की व्यवस्था को लेकर कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संस्थान परिसर में ही भोजन उपलब्ध होने से उन्हें मानसिक संतोष मिलेगा और वे अपने मरीजों की बेहतर देखभाल कर सकेंगे।

संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि मरीजों के साथ रहने वाले तीमारदारों की सुविधा और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी संस्थान की प्राथमिकता है। "अपनी थाली" जैसी पहल जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के साथ कठिन समय में सम्मानजनक और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर मानव सेवा की भावना को मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में संस्थान के डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, कार्यपालक कुलसचिव डॉ. आयुष लोहिया, फूड इंचार्ज डॉ. गीतिका पंत, अनुसंधान एवं अकादमिक सलाहकार डॉ. एस. श्रीवास्तव तथा आरएवीसी फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम अनुज वर्मा सहित संस्थान और संबंधित संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें