पीजीआई में पहली बार रोबोटिक 3डी डिजिटल माइक्रोस्कोप और 4के एंडोस्कोपी सिस्टम शुरू, अब सिर व गर्दन की जटिल सर्जरी होगी अधिक सटीक
लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई के हेड एंड नेक सर्जरी विभाग में पहली बार रोबोटिक 3डी डिजिटल माइक्रोस्कोप (3डी एक्सोस्कोप) और 4के एंडोस्कोपी सिस्टम की शुरुआत की गई है। इन अत्याधुनिक मशीनों से सर्जन को ऑपरेशन के दौरान शरीर के अंदर का हिस्सा बड़े और थ्री-डी स्वरूप में बेहद स्पष्ट दिखाई देगा। इससे जटिल सर्जरी अधिक सटीक और सुरक्षित तरीके से की जा सकेगी, ऑपरेशन के दौरान थकान कम होगी और पूरी सर्जिकल टीम एक साथ रियल टाइम में ऑपरेशन देख सकेगी। यह तकनीक रेजिडेंट डॉक्टरों के प्रशिक्षण और क्लिनिकल रिसर्च में भी मददगार होगी।
इसी के साथ विभाग का नया अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर भी शुरू किया गया। इससे कान, नाक, गला तथा सिर व गर्दन की सर्जरी का इंतजार कर रहे मरीजों को जल्द इलाज मिल सकेगा और ऑपरेशन के लिए प्रतीक्षा अवधि कम होगी।
नई सुविधाओं का उद्घाटन संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर. के. धीमन ने किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. देवेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।
विभागाध्यक्ष प्रो. अमित केशरी ने कहा कि 3डी एक्सोस्कोप तकनीक हेड एंड नेक सर्जरी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। इससे कान की नाजुक सर्जरी, लेटरल स्कल बेस सर्जरी और सिर व गर्दन के जटिल पुनर्निर्माण ऑपरेशन अधिक सुरक्षित और सटीक ढंग से किए जा सकेंगे।
निदेशक प्रो. आर. के. धीमन ने विभागाध्यक्ष प्रो. अमित केशरी, एसोसिएट प्रोफेसर डा. इंदु शुक्ला, असिस्टेंट प्रोफेसर डा. नज़रीन हमीद, डा. रुद्र प्रकाश तथा ओटी इंचार्ज असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सुश्री नीलम सचान को नई ओटी सेवाएं शुरू करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें