शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

एशिया के प्रतिष्ठित कैंसर मंच पर डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता को बड़ी जिम्मेदारी

 






एशिया के प्रतिष्ठित कैंसर मंच पर डॉ. प्रमोद गुप्ता को बड़ी जिम्मेदारी


 एफएआरओ की पब्लिक रिलेशंस कमेटी के सदस्य बने, भारत से केवल दो विशेषज्ञों में शामिल


लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (केएसएसएससीआई) के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर एवं डीन डॉ. प्रमोद कुमार कुमार गुप्ता को फेडरेशन ऑफ एशियन ऑर्गेनाइजेशंस फॉर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी (एफ ए आर ओ) की पब्लिक रिलेशंस कमेटी का सदस्य नामित किया गया है। एशिया के इस प्रतिष्ठित मंच पर उनका चयन संस्थान, उत्तर प्रदेश और देश के लिए गौरव की बात माना जा रहा है।

एफएआरओ एशिया में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र का प्रमुख संगठन है, जिसमें भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, सिंगापुर, मलेशिया सहित कई देशों के विशेषज्ञ शामिल हैं। इस बार पब्लिक रिलेशंस कमेटी में भारत से केवल दो विशेषज्ञों को सदस्य बनाया गया है। इनमें कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान के डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता और एम्स भोपाल के डॉ. सैकत दास शामिल हैं।

डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में लंबे समय से कैंसर उपचार, शोध और शिक्षण कार्य से जुड़े हैं। उनके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए कार्यों को देखते हुए एफ ए आर ओ ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके चयन से संस्थान की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी तथा एशियाई देशों के विशेषज्ञों के साथ वैज्ञानिक सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।

संस्थान के निदेशक प्रो. एम एल भट्ट ने डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. गुप्ता अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए भारतीय रेडिएशन ऑन्कोलॉजी की विशेषज्ञता को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाएंगे।

डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा कि एफआरओ की पब्लिक रिलेशंस कमेटी का सदस्य बनाया जाना उनके लिए सम्मान की बात है। वह इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए कैंसर उपचार और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें