कॉर्निया दान बढ़ाने को बनेगा रोडमैप, एसजीपीजीआई में टास्क फोर्स की बैठक
आई बैंकों और अस्पतालों के बेहतर समन्वय, दाताओं की समय पर पहचान व जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर
कॉर्निया दान और प्रत्यारोपण सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए संजय गांधी पीजीआइ में उच्च स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में कॉर्निया दान की दर बढ़ाने, उपलब्ध कॉर्निया का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और प्रदेशभर में बेहतर प्रत्यारोपण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।
स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन सोटो, उत्तर प्रदेश के संयुक्त निदेशक प्रो.आर हर्षवर्धन की अध्यक्षता में हुई बैठक में डॉ. शालिनी मोहन, डा. शेफाली मजूमदार, डा. अलका और प्रो. विकास कनौजिया सहित टास्क फोर्स के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में अस्पताल आधारित आई रिट्रीवल प्रोग्राम को मजबूत करने, संभावित कॉर्निया दाताओं की समय पर पहचान और रेफरल व्यवस्था बेहतर बनाने, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण, आई बैंकों व अस्पतालों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा कॉर्निया के संग्रहण, संरक्षण और प्रत्यारोपण की मानकीकृत व्यवस्था लागू करने पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही नेत्रदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
प्रो. आर हर्षवर्धन ने कहा कि सरकारी संस्थानों, स्वास्थ्य विभाग, आई बैंकों और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से प्रदेश में कॉर्निया दान कार्यक्रम को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टास्क फोर्स की सिफारिशों से कॉर्निया जनित अंधत्व की रोकथाम और जरूरतमंद मरीजों को समय पर प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। बैठक के अंत में जिम्मेदारियां तय करते हुए समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने पर सहमति बनी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें