शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

एआईआरएनएफ ने भर्ती, पदोन्नति और सेवा विसंगतियां दूर करने का सौंपा ज्ञापन

 

समान वेतन-भत्ते और बेहतर कार्यस्थल सुविधाओं की मांग लेकर राज्यपाल से मिले नर्सिंग अधिकारी


 एआईआरएनएफ ने भर्ती, पदोन्नति और सेवा विसंगतियां दूर करने का सौंपा ज्ञापन


सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन और भत्तों के साथ सुरक्षित एवं बेहतर कार्यस्थल की मांग उठाई है। ऑल इंडिया रजिस्टर्ड नर्सेज फेडरेशन  के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग वर्मा 'पटेल' के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नर्सिंग अधिकारी सीमित संसाधनों और बढ़ते कार्यभार के बीच लगातार स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन वेतन, भत्तों, पदोन्नति और सेवा शर्तों से जुड़ी कई समस्याएं अब भी लंबित हैं। ज्ञापन में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और स्वशासी मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों की वेतन विसंगतियां दूर कर समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग की गई। साथ ही एसजीपीजीआई, केजीएमयू और लोहिया संस्थान की तर्ज पर नर्सिंग, ड्रेस, परिवहन और मकान किराया भत्ता देने की मांग भी रखी गई।

फेडरेशन ने  कार्यस्थल पर सुरक्षा, समयबद्ध पदोन्नति और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही आउटसोर्स और संविदा नर्सिंग कर्मियों के लिए समान कार्य के बदले समान वेतन की भी मांग उठाई। राज्यपाल ने मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें