मंगलवार, 14 जुलाई 2026

कैंसर मरीजों के तीमारदारों को मिलेगा रोज़ाना नि:शुल्क पौष्टिक नाश्ता

 


कैंसर मरीजों के तीमारदारों को मिलेगा रोज़ाना नि:शुल्क पौष्टिक नाश्ता

कल्याण सिंह कैंसर संस्थान और श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन के बीच एमओयू


कैंसर मरीजों के तीमारदारों को बेहतर सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (केएसएसएससीआई), लखनऊ ने मंगलवार को श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन, लखनऊ के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया। इसके तहत फाउंडेशन संस्थान में भर्ती कैंसर मरीजों के तीमारदारों को प्रतिदिन नि:शुल्क ताज़ा, घर जैसा पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराएगा। साथ ही विशेष अवसरों पर शाम का भोजन भी नि:शुल्क वितरित किया जाएगा।

एमओयू पर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट और श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं संस्थापक ट्रस्टी राजेश गुप्ता ने हस्ताक्षर किए और दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।

प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा केवल मरीज के इलाज तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसके साथ रहने वाले तीमारदारों की देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक अस्पताल में रहने वाले परिजनों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्था समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी कैंसर मरीजों तथा उनके तीमारदारों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखेगी।

एमओयू समारोह में संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र कुमार, डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, जनसंपर्क प्रभारी डॉ. आयुष लोहिया, बाल कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. गीतिका पंत तथा श्रीमद कमल कल्याण फाउंडेशन के सचिव आर.के. श्रीवास्तव सहित संस्थान और फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें