शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

कैंसर संस्थान ब्रेनस्टेम ट्यूमर की आठ घंटे चली जटिल सर्जरी सफल, 16 वर्षीय किशोर को मिला नया जीवन

 



ब्रेनस्टेम ट्यूमर की आठ घंटे चली जटिल सर्जरी सफल, 16 वर्षीय किशोर को मिला नया जीवन



 कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (केएसएसएससीआई) के न्यूरोसर्जरी विभाग ने ब्रेनस्टेम जैसे अत्यंत संवेदनशील हिस्से में स्थित जटिल ट्यूमर की सफल सर्जरी कर 16 वर्षीय किशोर को नया जीवन दिया है। करीब आठ घंटे तक चली इस उच्च जोखिम वाली सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुका है।

ब्रेनस्टेम मस्तिष्क का वह महत्वपूर्ण भाग है, जो सांस लेना, हृदय की धड़कन, रक्तचाप और शरीर की कई आवश्यक गतिविधियों को नियंत्रित करता है। इस क्षेत्र में ट्यूमर की सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण मानी जाती है, क्योंकि थोड़ी सी भी चूक मरीज के लिए गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है।

सर्जरी का नेतृत्व संस्थान के चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट एवं न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. विजेंद्र कुमार ने किया। ऑपरेशन के दौरान अत्याधुनिक न्यूरोनेविगेशन सिस्टम, नर्व मॉनिटरिंग सिस्टम और ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप की मदद से ट्यूमर को सावधानीपूर्वक हटाया गया, जिससे मस्तिष्क की महत्वपूर्ण नसों और संरचनाओं को सुरक्षित रखा जा सका।

इस जटिल ऑपरेशन में डॉ. अमित कुमार उपाध्याय, डॉ. रवि रंजन और डॉ. संजीव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. रिचा राय ने किया, जिनकी सतत निगरानी से पूरी प्रक्रिया सुरक्षित ढंग से संपन्न हुई।

संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने इस सफलता पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में उपलब्ध आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों की दक्षता और गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि संस्थान जटिल से जटिल न्यूरोसर्जरी और कैंसर उपचार के लिए मरीजों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें