रविवार, 8 मार्च 2026

पीजीआई में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन

 



पीजीआई में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन


  एनीमिया , स्तन और   सर्वाइकल कैंसर का कराते रहना चाहिए जांच



लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता  कार्यक्रम आयोजित किए गए।  संयोजन जनरल हॉस्पिटल की वरिष्ठ चिकित्सक व नोडल अधिकारी डॉ. प्रेरणा कपूर ने किया, जिसमें संस्थान के फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंजू रानी, डॉ. पियाली भट्टाचार्य, डॉ. निधि, डॉ. इंदु लता और डॉ. रचना अग्रवाल ने महिला स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं को एनीमिया से बचाव के लिए आयरन युक्त भोजन, हरी सब्जियां, दाल और फलों का सेवन करना चाहिए तथा समय-समय पर हीमोग्लोबिन की जांच करानी चाहिए। साथ ही स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की शुरुआती जांच, गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

जूनियर रेजिडेंट्स ने महिलाओं की उपलब्धियों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की।  नर्सिंग अधिकारियों ने कविता और अनुभव साझा करते हुए कार्यस्थल और परिवार के बीच संतुलन की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अस्पताल की महिला सफाईकर्मियों और सहायिकाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।

इसी क्रम में इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स (आईएसए) लखनऊ चैप्टर की महिला चिकित्सकों और एसजीपीजीआई के डॉक्टरों ने “सैरिथॉन – वॉक इन साड़ी” का आयोजन किया। इसके बाद आम नागरिकों को सीपीआर, सांस की नली में अवरोध होने पर प्राथमिक सहायता, रिकवरी पोजीशन और मिर्गी के दौरे के दौरान देखभाल जैसे जीवनरक्षक कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया।

आयोजन में डॉ. हेमलता, डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, डॉ. संदीप साहू, श्रीमती नीमा पंत, डॉ. रचना, डॉ. अलका, डॉ. रुचि वर्मा, डॉ. सपना यादव, डॉ. वैशाली अग्रवाल, डॉ. आयुषी बग्गा और डॉ. इंदुबाला की सक्रिय भागीदारी रही।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें