नेत्रदान को बढ़ावा देने के लिए यूपी में टास्क फोर्स गठित
पीजीआई के चिकित्सा अधीक्षक एवं सोटो के संयुक्त निदेशक प्रोफेसर हर्षवर्धन होंगे अध्यक्ष
प्रदेश में रोके जा सकने वाले अंधत्व को खत्म करने और कॉर्निया प्रत्यारोपण को बढ़ावा देने के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने एक उच्चस्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। इसकी अध्यक्षता संजय गांधी पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक व सीटो यू पी के संयुक्त निदेशक प्रो. राजेश हर्षवर्धन करेंगे। अपर मुख्य सचिव अमित घोष, आईएएस ने इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए इसे नेत्र चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
यह टास्क फोर्स प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में कॉर्नियल दान, आई बैंकिंग और कॉर्निया प्रत्यारोपण की व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी। साथ ही हर मेडिकल कॉलेज को प्रत्यारोपण केंद्र के रूप में विकसित करने और नए आई बैंक स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
समिति में एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ की नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अल्का गुप्ता को सह-अध्यक्ष बनाया गया है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी मोहन को सदस्य सचिव तथा एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शेफाली मजूमदार को संयोजक नियुक्त किया गया है।
पीजीआई के नेतृत्व विभाग के प्रमुख प्रो विकास कनौजिया, निदेशक सीतापुर आई हॉस्पिटल डॉ मधु भदोरिया निदेशक नवोदय आई हॉस्पिटल वाराणसी डॉ अभिषेक चंद्रा
के अलावा राम मनोहर लोहिया केजीएमयू सहित संस्थाओं के नेत्र विभाग के चिकित्सक सदस्य बनाए गए हैं।
28 फरवरी 2026 को पीजीआई में आयोजित ‘नेत्रमंथन’ कार्यक्रम—जो नेत्रदान एवं प्रत्यारोपण पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण विमर्श था—के दौरान हुई पैनल चर्चा में इस टास्क फोर्स के गठन का निर्णय लिया गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें