प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए काम करेगा पीजीआई
संस्थान के अस्पताल प्रशासन विभाग को राज्य परिवर्तन आयोग ने दी बड़ी जिम्मेदारी
संजय गांधी पीजीआई के चिकित्सा अधीक्षक एवं अस्पताल प्रशासन विभाग के प्रोफेसर राजेश हर्षवर्धन को प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। राज्य परिवर्तन आयोग ने राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र ( एस एच एस आर सी यू पी) का गठन किया है, जिसकी जिम्मेदारी संस्थान के अस्पताल प्रशासन विभाग को सौंपी गई है।
केंद्र के निदेशक प्रो. राजेश हर्षवर्धन ने बताया कि इस केंद्र के तहत 9 डिवीजन बनाए जाएंगे, जो अगले पांच वर्षों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का रोडमैप तैयार करेंगे। इन डिवीजनों के जरिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय और सहयोग के साथ यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिले, उपलब्ध संसाधनों का पूरा उपयोग हो और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी व समस्याओं का समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर नियमित बैठकें होंगी, जिनमें नीतियां तय की जाएंगी और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति बनाई जाएगी। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाना और जमीनी स्तर तक बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में बैठक होगी जिसमें कार्य की रूप रेखा तय अन्य विशेषज्ञों के साथ में की जाएगी। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में पहली बैठक की योजना है।
अधिकारियों के अनुसार, अभी तक देश के केवल 10 राज्यों में ही राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र स्थापित हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश का इस दिशा में कदम उठाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो ‘विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में सहायक होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें