रोबोटिक सर्जरी: सुरक्षित और सटीक
लखनऊ। गंभीर और जटिल ऑपरेशन में रोबोटिक सर्जरी तेजी से कारगर साबित हो रही है। यह तकनीक न केवल ऑपरेशन को अधिक सटीक बनाती है, बल्कि मरीजों के लिए सुरक्षित और कम कष्टदायक विकल्प भी है। इस तकनीक का सबसे बड़ा लाभ छोटे चीरे हैं। पारंपरिक सर्जरी के मुकाबले इसमें बड़े कट नहीं लगते, जिससे मरीज को कम दर्द होता है और संक्रमण का खतरा भी काफी घट जाता है। यही वजह है कि मरीज जल्दी स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट पाते हैं। पीजीआई में रोबोकॉप्स कार्यशाला में संस्थान के पीडियाट्रिक सर्जन प्रोफेसर विजय उपाध्याय ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी में सर्जन को थ्री-डी हाई-डेफिनिशन विजन मिलता है। यह शरीर के अंगों और नसों को कई गुना बड़ा और स्पष्ट दिखाता है, जिससे ऑपरेशन की सटीकता बढ़ती है और गलती की संभावना कम हो जाती है।
कार्यक्रम अध्यक्ष और विभाग के प्रमुख प्रो. बसंत कुमार ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी में रक्तस्राव कम होता है और मरीज की स्थिति स्थिर रहती है। कम रक्तस्राव, कम थकान और बेहतर विज़न की वजह से लंबे समय तक चलने वाली जटिल सर्जरी भी सुरक्षित और प्रभावी हो जाती है। इससे ऑपरेशन की सफलता दर बढ़ती है और मरीज जल्दी ठीक होकर अस्पताल से घर लौटता है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें