79.6% बच्चों को भ्रम—मच्छर से फैलता है हेपेटाइटिस-बी
लखनऊ के 329 स्कूली बच्चों पर शोध, केवल 19.8% को तीन डोज टीकाकरण की जानकारी
लखनऊ।
स्कूली बच्चों में हेपेटाइटिस-बी को लेकर जागरूकता बेहद कम है और गलतफहमियां चिंताजनक स्तर पर मौजूद हैं। लखनऊ में हुए एक अहम शोध में सामने आया है कि 79.6% बच्चों को यह गलत जानकारी है कि हेपेटाइटिस-बी मच्छर से फैलता है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।
यह अध्ययन संजय गांधी पीजीआईएमएस और एरा मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों द्वारा 329 स्कूली बच्चों पर किया गया। शोध को इंडियन जर्नल ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी ने स्वीकार किया है। अध्ययन में 8वीं से 10वीं कक्षा के 12 से 19 वर्ष के छात्रों को शामिल किया गया।
क्या कहता है शोध
66.6% बच्चों को पता था कि यह एक वायरस है
केवल 4.9% को लगा कि यह युवाओं को भी हो सकता है
93.9% बच्चों ने इसे खाने-पीने से फैलने वाला माना
91.5% ने सामान्य संपर्क को कारण समझा
79.6% ने मच्छर को फैलाव का माध्यम बताया
41.4% को टीके की जानकारी थी
सिर्फ 19.8% को तीन डोज टीकाकरण का ज्ञान था
यह अध्ययन डॉ. आफताब हुसैन, प्रो. अमित गोयल, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. नंदा छवि, डॉ. गीतिका श्रीवास्तव और डॉ. श्रीश भटनागर की टीम ने किया।
बॉक्स: किन क्षेत्रों में सबसे कम जानकारी
बीमारी का फैलाव – 25.6%
संक्रमण के रास्ते – 28.1%
इलाज की जानकारी – 16.7%
बॉक्स: क्या है हेपेटाइटिस-बी
यह एक गंभीर वायरल लिवर बीमारी है, जो संक्रमित खून, दूषित सुई, असुरक्षित संबंध या मां से बच्चे में फैलती है। समय पर इलाज न होने पर लिवर सिरोसिस और कैंसर तक का खतरा रहता है।
बॉक्स: बचाव कैसे करें
जन्म के बाद और समय पर 3 डोज का टीकाकरण
सुरक्षित इंजेक्शन और ब्लड ट्रांसफ्यूजन
जागरूकता और सही जानकारी
विशेषज्ञों का मानना है कि स्कूली स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें