कैंसर संस्थान केएसएसएससीआई और ज़ेंटुरियोटेक के बीच एमओयू, डिजिटल हेल्थ व एआई में होगा सहयोग
मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, क्लिनिकल रिसर्च और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मिलेगा बढ़ावा; तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा फोकस
लखनऊ
कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (केएसएसएससीआई), लखनऊ एवं ज़ेंटुरियोटेक प्राइवेट लिमिटेड, तिरुवनंतपुरम (केरल) के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. मदन लाल ब्रह्म भट्ट तथा ज़ेंटुरियोटेक की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीशा भासी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
यह समझौता डिजिटल स्वास्थ्य, क्लिनिकल रिसर्च, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, ज्ञान के आदान-प्रदान एवं प्रशिक्षण पहलों के क्षेत्रों में सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दोनों संस्थान अपनी-अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार को बढ़ावा देंगे।
समझौते के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), वर्चुअल रियलिटी (वीआर), वेब एवं एप्लिकेशन विकास जैसे आधुनिक क्षेत्रों में विशेषज्ञता साझा की जाएगी। इससे न केवल अनुसंधान क्षमताओं में वृद्धि होगी, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित प्रभावी जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन भी संभव हो सकेगा।
इस एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थान एक सहयोगात्मक वातावरण के निर्माण की दिशा में अग्रसर होंगे, जो रोगी देखभाल, अनुसंधान एवं डिजिटल स्वास्थ्य समाधान के क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म देगा और समाज के व्यापक हित में योगदान करेगा।
यह समझौता उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा एवं अनुसंधान के प्रति दोनों संस्थानों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा भविष्य में प्रौद्योगिकी आधारित समेकित स्वास्थ्य पहलों के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम के दौरान केएसएसएससीआई के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, फैकल्टी इंचार्ज (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) डॉ. अभिनव तिवारी एवं ज़ेंटुरियोटेक प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य रणनीतिक अधिकारी बोबिन चंद्रा भी उपस्थित रहे ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें