रविवार, 19 अप्रैल 2026

पीजीआई कर्मचारी महासंघ का चुनाव, दस पदों पर मुकाबला 24 अप्रैल को होगा मतदान

 

पीजीआई कर्मचारी महासंघ का चुनाव, दस पदों पर मुकाबला 24 अप्रैल को होगा मतदान



 संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के कर्मचारी महासंघ के चुनाव का बिगुल बज चुका है। महासंघ का चुनाव 24 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। चुनाव में कुल 10 पदों पर मतदान होगा। दो हजार से अधिक कर्मचारी मतदान में भाग लेंगे। अध्यक्ष के एक पद के लिए 5 उम्मीदवार मैदान में हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए 5 उम्मीदवार, जबकि उपाध्यक्ष के एक पद पर 3 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। महामंत्री के एक पद के लिए 3 उम्मीदवार, संयुक्त मंत्री के एक पद पर 4, और कोषाध्यक्ष के एक पद पर 3 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा संगठन मंत्री के एक पद के लिए 5 उम्मीदवार, कार्यालय मंत्री के एक पद पर 5 तथा प्रचार मंत्री के एक पद पर भी 5 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कार्यकारिणी के 6 सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इन पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 17 अप्रैल को पूरी कर ली गई थी। मतदान 24 अप्रैल को संपन्न होगा और उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। परिणाम आने तक गिनती लगातार जारी रहेगी। चुनाव अधिकारी टी. एस. नेगी ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा, “24 अप्रैल को निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराया जाएगा। सभी उम्मीदवारों को बराबरी का अवसर दिया जा रहा है। मतदान समाप्त होते ही शाम 6 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी और परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।” उन्होंने कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें