शनिवार, 2 मई 2026

पीजीआइ के हेड एंड नेक सर्जरी विभाग का पहला साल पूरा, 9000 मरीजों का इलाज

 





पीजीआइ के हेड एंड नेक सर्जरी विभाग का पहला साल पूरा, 9000 मरीजों का इलाज


300 से अधिक सर्जरी के साथ राष्ट्रीय स्तर की कैडेवर कार्यशाला, रोबोटिक सर्जरी की तैयारी



संजय गांधी पीजीआइ के हेड एंड नेक सर्जरी विभाग ने अपने पहले ही वर्ष में इलाज के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विभाग ने अब तक ओपीडी में 9000 से अधिक मरीजों को देखा और 300 से ज्यादा सफल सर्जरी की हैं। 

इसी मौके पर विभाग ने  केजीएमयू  के एनाटॉमी विभाग के सहयोग से पहली कैडेवर (शव विच्छेदन) कार्यशाला आयोजित की। विभागाध्यक्ष प्रो अमित केशरी के नेतृत्व में हुई इस कार्यशाला का उद्देश्य डॉक्टरों को सर्जरी की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था। इसमें देशभर से आए करीब 70 डॉक्टरों ने हिस्सा लेकर कैडेवर पर अभ्यास किया।

कार्यक्रम में टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई के वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रथमेश पाई ने मुख्य वक्ता के रूप में व्याख्यान दिया और लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया।  निदेशक  प्रो. आरके धीमन ने विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जल्द ही रोबोटिक तकनीक से सर्जरी की सुविधा भी शुरू की जाएगी।

डीन प्रो. शालीन कुमार ने बहुविषयक इलाज पर जोर दिया, जबकि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता ने संसाधनों के विस्तार का आश्वासन दिया। दूसरे दिन प्रतिभागियों को फ्रोज़न कैडेवर पर प्रशिक्षण दिया गया, जिससे जटिल सर्जरी को समझने में मदद मिली।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें