शनिवार, 9 मई 2026

एक दिन में 5 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को नवजात पुनर्जीवन का प्रशिक्षण देगा यूपी







 एक दिन में 5 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को नवजात पुनर्जीवन का प्रशिक्षण देगा यूपी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम की ओर से राष्ट्रीय पुनर्जीवन दिवस 10 मई 2026 के अवसर पर पूरे उत्तर प्रदेश में बेसिक नवजात पुनर्जीवन कार्यक्रम का राज्यव्यापी प्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, यूनिसेफ, टेक्निकल सपोर्ट यूनिट तथा अन्य स्वास्थ्य सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में 180 से अधिक प्रशिक्षण केंद्रों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें करीब 5 हजार डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों को नवजात पुनर्जीवन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि एक ही दिन में नवजात पुनर्जीवन का सबसे अधिक प्रशिक्षण देने वाला राज्य उत्तर प्रदेश बन जाएगा।

फोरम के मानद सचिव डॉ. आकाश पंडिता ने बताया कि यह अभियान प्रदेश में नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और नवजात मृत्यु दर कम करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट, जिला अस्पतालों, डिलीवरी प्वाइंट्स और छोटे नर्सिंग होम्स में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों को अधिक सक्षम और आत्मविश्वासी बनाया जाएगा, ताकि प्रदेश के हर नवजात को बेहतर और सुरक्षित शुरुआत मिल सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में नवजात पुनर्जीवन की व्यावहारिक तकनीकों, जन्म के तुरंत बाद नवजात को स्थिर करने, डिलीवरी रूम में आपातकालीन स्थिति से निपटने और टीम आधारित उपचार पद्धति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

फोरम के अध्यक्ष  डॉ. आशीष प्रकाश ने इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, यूनिसेफ, टेक्निकल सपोर्ट यूनिट, जिला स्वास्थ्य प्रशासन और सभी सहभागी संस्थाओं के सहयोग के लिए आभार जताया। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें