पेट से निकली 12 लीटर पानी वाली गांठ, बच गई मां बनने की उम्मीद
तीन-चार महीने से फूल रहा था पेट, सांस लेने और चलने में हो रही थी दिक्कत
कुमार संजय । लखनऊ
बिहार की 28 साल की महिला के पेट से 12 लीटर तरल पदार्थ से भरी फैलोपियन ट्यूब की बड़ी गांठ को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। संजय गांधी पीजीआइ के डॉक्टरों ने इस मुश्किल सर्जरी में महिला का गर्भाशय, दूसरी तरफ की फैलोपियन ट्यूब और अंडाशय को सुरक्षित बचा लिया, जिससे उसकी मां बनने की क्षमता बनी रही। सर्जरी के बाद महिला की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।
महिला पिछले तीन-चार महीने से पेट में लगातार सूजन से परेशान थी। पेट इतना बढ़ गया था कि उसे सांस लेने में कठिनाई होने लगी थी। चलने-फिरने में दिक्कत होती थी और कब्ज की शिकायत भी थी। परेशानी बढ़ने पर वह संजय गांधी पीजीआइ की गायनेकोलॉजी ओपीडी में पहुंची। जांच में पेट और पेल्विक हिस्से में 35 गुणा 32 गुणा 25 सेंटीमीटर आकार की बड़ी गांठ मिली। यह गांठ पूरे पेट में फैली थी और लिवर तथा डायफ्राम तक पहुंच गई थी। गांठ के दबाव से आंतें एक तरफ खिसक गई थीं।
सर्जरी में सबसे बड़ी चुनौती गांठ के आकार और फैलाव को लेकर थी। टीम ने सावधानी से गांठ से 12 लीटर तरल पदार्थ निकाला। तरल निकलने के बाद गांठ का आकार छोटा हुआ, तब टीम ने उसे सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। पूरी सर्जरी के दौरान प्रजनन से जुड़े अंगों को नुकसान से बचाने का खास ध्यान रखा गया। इसी सावधानी से महिला का गर्भाशय, दूसरी तरफ की फैलोपियन ट्यूब और अंडाशय सुरक्षित बच गए।
सर्जरी के बाद महिला को निगरानी में रखा गया। अब वह पहले से काफी बेहतर है। सांस लेने की दिक्कत कम हो गई है। चलने-फिरने में आराम मिला है। पेट की सूजन और कब्ज की समस्या भी दूर हो गई है।
सर्जिकल टीम का नेतृत्व डॉ. अंजू रानी ने किया। उनकी सहायता डॉ. निधि, डॉ. सरिता और डॉ. आयुषी ने की। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. संदीप खूबा और डॉ. हर्षा शामिल रहे। पैरामेडिकल स्टाफ में सिस्टर ज्योति, दिव्या, कामेलिया और बीरभान ने सहयोग दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें