मंगलवार, 24 नवंबर 2026

दिल में अटका टुकड़ा निकला, नन्ही जान बच गई

 




दिल में अटका टुकड़ा निकला, नन्ही जान बच गई 


बिना चीर-फाड़ के हुआ इलाज, 1225 ग्राम की बच्ची अब ठीक


 संजय गांधी पीजीआइ में डॉक्टरों ने नन्ही सी जान को बड़ी मुसीबत से बचा लिया। समय से पहले पैदा हुई बच्ची के दिल में पिक लाइन का टूटा टुकड़ा अटक गया था। डॉक्टरों ने बिना बड़ा ऑपरेशन किए खास औजार से उसे बाहर निकाल दिया। अब बच्ची ठीक है और उसे घर भेज दिया गया है। यह बच्ची जुड़वां बच्चों में से एक थी। वह 31 हफ्ते और तीन दिन में पैदा हुई थी और वजन सिर्फ 1225 ग्राम था। सांस की दिक्कत पर उसे मशीन पर रखना पड़ा। पीजीआई में उसे खून और दिमाग के बुखार का संक्रमण भी हुआ। लंबे समय तक नस से दवा के लिए पिक लाइन लगाई गई थी। 26वें दिन सांस उखड़ने पर बिस्तर पर ही दिल की जांच में पता चला कि पिक लाइन का करीब पांच सेंटीमीटर लंबा टुकड़ा टूटकर दिल के दाहिने हिस्से में पहुंच गया है। यह रह जाता तो धड़कन बिगड़ सकती थी और खून का थक्का जम सकता था। नवजात और दिल के डॉक्टरों ने बिना चीरा लगाए टुकड़ा निकालने का फैसला किया। बच्ची को दिल की जांच वाली लैब में ले जाया गया। जांघ की नस से फंदे वाला औजार डालकर एक्स-रे की मदद से टुकड़े को बाहर खींच लिया गया। इसके बाद मशीन हट गई, वह दूध पीने लगी और वजन बढ़ने लगा। इलाज में नवजात विभाग से डा. आर. के. श्वेताभ, डा. शिवेंद्र, डा. अनीता सिंह, डा. आकांक्षा वर्मा, डा. फौज़िया फरहत थे। टीम ने विभागाध्यक्ष डा. कीर्ति एम. नारंजे के मार्गदर्शन में काम किया। दिल के डॉक्टरों का नेतृत्व डा. अंकित साहू और प्रो. आदित्य कपूर ने किया, साथ में डा. अमित थे। निदेशक प्रो. आर. के. धीमन ने बधाई दी।


 क्या है पिक लाइन 


छोटे बच्चों को कई दिन तक नस से दवा देनी पड़ती है। बार-बार सुई से नाजुक नसें खराब हो जाती हैं, इसलिए हाथ की पतली नस से बारीक नली डालकर उसे दिल के पास की बड़ी नस तक पहुंचाया जाता है। इसी को पिक लाइन कहते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें