बुधवार, 11 नवंबर 2026

दो एमएल खून की एक जांच से खुलेगा राज : टीबी है या सारकॉइडोसिस

 





दो एमएल खून की एक जांच से खुलेगा राज : टीबी है या सारकॉइडोसिस

98 फीसदी से ज्यादा सटीकता का दावा


कुमार संजय। लखनऊ


टीबी जैसी दिखने वाली बीमारी सारकॉइडोसिस की पहचान अब दो एमएल खून की जांच से हो सकेगी। संजय गांधी पीजीआई और सेंटर फॉर बायोमेडिकल रिसर्च के वैज्ञानिकों के शोध में शरीर के मेटाबॉलिक बदलावों से यह पता लगाने का तरीका खोजा गया है कि मरीज को लिम्फ नोड टीबी है या सारकॉइडोसिस। यह शोध अंतरराष्ट्रीय जर्नल बीएमसी पल्मोनरी मेडिसिन ने स्वीकार किया है।


बॉक्स

दोनों बीमारियों में क्यों होता है धोखा


सारकॉइडोसिस और लिम्फ नोड टीबी दोनों ग्रेन्युलोमेटस बीमारियां हैं। इनमें शरीर में सूजन वाली गांठें बन जाती हैं। मरीज को बुखार, कमजोरी, खांसी, सांस फूलना और लिम्फ नोड्स में सूजन की शिकायत होती है।

 कई बार सारकॉइडोसिस के मरीज को भी टीबी की दवा दे दी जाती है। अगर असली बीमारी सारकॉइडोसिस हो तो गलत इलाज से हालत और बिगड़ सकती है। इसलिए दोनों में फर्क करना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी।


बॉक्स

खून में छिपे संकेतों से पकड़ी बीमारी


वैज्ञानिकों ने मरीजों के खून के नमूनों में एनएमआर तकनीक से बेहद सूक्ष्म रासायनिक तत्वों यानी मेटाबोलाइट्स का अध्ययन किया। शोध में 26 सारकॉइडोसिस और 22 लिम्फ नोड टीबी के मरीजों के सीरम सैंपल की जांच हुई। जांच में साफ फर्क नजर आया। टीबी के मरीजों में ग्लूटामेट, पाइरोग्लूटामेट, एसीटेट और ल्यूसीन का स्तर ज्यादा मिला, जबकि ग्लूटामिन, पाइरूवेट और मायो-इनोसिटोल का स्तर कम पाया गया।


ग्लूटामेट, पाइरोग्लूटामेट और ग्लूटामिन का एयूसी स्कोर 0.98 से ज्यादा रहा। कई अन्य मेटाबोलाइट्स का एयूसी भी 0.8 से ऊपर रहा। एयूसी जितना 1.0 के करीब होगा, जांच उतनी ही सटीक मानी जाएगी।


बॉक्स

बिना बायोप्सी के हो सकेगा निदान


अभी इन बीमारियों की पुष्टि के लिए बायोप्सी और कई जटिल जांचें करानी पड़ती हैं। नई तकनीक से भविष्य में सिर्फ दो एमएल खून के साधारण ब्लड टेस्ट से ही सही बीमारी पकड़ी जा सकेगी। इससे मरीजों को जल्दी सही इलाज मिलेगा और अनावश्यक दवाओं व गलत उपचार से बचाव होगा।

शोधकर्ताओं के मुताबिक यह अध्ययन सिर्फ पहचान तक सीमित नहीं है। इससे यह भी समझ आया कि टीबी के दौरान शरीर में ग्लूटामिनोलाइसिस और लिपिड मेटाबॉलिज्म तेजी से सक्रिय हो जाता है।


शोधकर्ता टीम


एसजीपीजीआईएमएस, पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के 

प्रो. आलोक नाथ , प्रो. अजमल खान , प्रो. जिया हाशिम ,प्रो. मानसी गुप्ता । 

क्लीनिकल इम्यूनोलॉजी विभाग के प्रो. विकास अग्रवाल ,डा. कृतिका सिंह । 

सेंटर ऑफ बायोमेडिकल रिसर्च (सीबीएमआर)

के  डा. दिनेश कुमार, डा. सचिन यादव

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें