खून निकालने की जरूरत नहीं, 5 मिनट में खुलेगा किडनी का राज
डिपस्टिक जांच से जल्दी पकड़ में आएगी किडनी की खराबी खून निकालने की जरूरत नहीं, 5 मिनट में खुलेगा किडनी का राज डायबिटीज-हाई बीपी के हर दूसरे हाई रिस्क मरीज में किडनी क्षति के संकेत, गांवों में भी आसान होगी जांच
कुमार संजय | लखनऊ
किडनी की बीमारी का पता चलने तक अक्सर काफी देर हो चुकी होती है, लेकिन अब पेशाब की साधारण डिपस्टिक जांच से इसे शुरुआती चरण में ही पकड़ना आसान हो सकता है। इसके लिए खून निकालने की जरूरत नहीं है, सिर्फ 5 मिनट में किडनी की स्थिति के बारे में जानकारी मिल जाती है। देश के आठ प्रमुख चिकित्सा केंद्रों में 44,037 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें हाई रिस्क मरीजों में किडनी क्षति के शुरुआती संकेत बड़ी संख्या में मिले। अध्ययन में 43,109 लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसमें यूरिन एल्ब्यूमिन-क्रिएटिनिन अनुपात यानी यूएसीआर की जांच की गई। यह जांच पेशाब में एल्ब्यूमिन और क्रिएटिनिन की मात्रा का पता लगाकर किडनी की शुरुआती क्षति का संकेत देती है। डायबिटीज और हाई बीपी दोनों से पीड़ित मरीजों में 50.1 प्रतिशत में यह जांच असामान्य मिली। केवल डायबिटीज वाले मरीजों में 27 प्रतिशत और केवल हाई बीपी वाले मरीजों में 22.8 प्रतिशत में जांच असामान्य पाई गई। शोधकर्ताओं के अनुसार, डायबिटीज और हाई बीपी वाले मरीजों की नियमित जांच से किडनी की बीमारी का जल्दी पता लगाकर समय पर इलाज शुरू किया जा सकता है। इस अध्ययन को किडनी इंटरनेशनल रिपोर्ट्स जर्नल ने प्रकाशित करने के लिए स्वीकार किया है।
गांवों में भी कुछ मिनट में जांच
प्रो. नारायण प्रसाद के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में किडनी की उन्नत लैब जांच हर जगह उपलब्ध नहीं है। ऐसे में डिपस्टिक तकनीक काफी उपयोगी हो सकती है। पेशाब के नमूने में डिपस्टिक डालने के कुछ ही मिनट में परिणाम मिल जाता है।इस जांच में इस्तेमाल होने वाली एक डिपस्टिक की कीमत लगभग 250 से 440 रुपये है।
क्या है यूएसीआर डिपस्टिक टेस्ट
• यूरिन एल्ब्यूमिन-क्रिएटिनिन अनुपात किडनी की शुरुआती खराबी का सबसे पहला संकेत है। • पेशाब में केमिकल लगी पट्टी डाली जाती है, एल्ब्यूमिन और क्रिएटिनिन की मात्रा के हिसाब से रंग बदलता है। मोबाइल ऐप से स्कैन कर रिपोर्ट मिल जाती है। यूएसीआर 30 मिली ग्राम प्रति ग्राम से ज्यादा आए तो यह शुरुआती किडनी क्षति का संकेत है।
प्रमुख शोधकर्ता व संस्थान
• संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ - नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो. नारायण प्रसाद • फोर्टिस ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स, दिल्ली - वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. संजीव गुलाटी • सर गंगाराम अस्पताल, नई दिल्ली - नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. अनिल कुमार भल्ला • आईपीजीएमईआर एवं एसएसकेएम अस्पताल, कोलकाता - नेफ्रोलॉजी विभाग की डॉ. अर्पिता रायचौधरी • उस्मानिया जनरल अस्पताल, हैदराबाद - नेफ्रोलॉजी विभाग की डॉ. मनीषा सहाय • क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लोर - नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. संतोष वर्गीज • मेदांता-द मेडिसिटी, गुरुग्राम - नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. श्याम बिहारी बंसल

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें