पीजीआइ में पहली बार पैर के अंगूठे से बनाया हाथ का अंगूठा
10 घंटे की माइक्रो सर्जरी सफल
गोरखपुर के 19 वर्षीय युवक का कानपुर में हादसे में कट गया था हाथ का अंगूठा
पैर के अंगूठे से बना नया अंगूठा
लखनऊ: संजय गांधी पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने पहली बार पैर के अंगूठे को हाथ के अंगूठे की जगह लगाने की जटिल सर्जरी ‘ग्रेट टो टू थंब ट्रांसफर’ सफलतापूर्वक पूरी की है। अब मरीज का नया अंगूठा पूरी तरह काम कर रहा है।
हाथ के कार्यों में अंगूठे की भूमिका लगभग 40 प्रतिशत होती है। अंगूठा न होने पर हाथ की कार्यक्षमता काफी प्रभावित हो जाती है।
कानपुर में हुआ था हादसा
गोरखपुर का 19 वर्षीय युवक 17 मार्च 2026 को सड़क दुर्घटना में दाहिना अंगूठा गंवा बैठा था। साथ ही हाथ की दोनों हड्डियां टूट गई थीं। कहीं और इलाज के बाद वह पीजीआई आया।
आर्टिफिशियल नहीं, प्राकृतिक अंगूठा बनाने का फैसला
प्रोफेसर अंकुर भटनागर ने बताया कि कई जगह आर्टिफिशियल अंगूठा लगाने की सलाह दी गई थी, लेकिन इससे पूरी कार्यक्षमता वापस नहीं आती, क्योंकि अंगूठे में मूवमेंट और सेंसेशन भी जरूरी है। उन्होंने कहा, “यह लड़का मात्र 19 साल का था। अगर अंगूठा काम नहीं करता, तो पूरी जिंदगी बिना काम के कैसे गुजरती । काउंसलिंग के बाद बाएं पैर के अंगूठे को छोटा करके हाथ में लगाने की योजना बनी।
10 घंटे चली सर्जरी
यह सर्जरी 30 सितंबर 2026 को जनरल एनेस्थीसिया में हुई। दो टीमों ने मिलकर इसे पूरा किया। एक ने हाथ का हिस्सा तैयार किया, दूसरी ने पैर के अंगूठे को धमनी, नस, नर्व और टेंडन सहित अलग किया। अंगूठे को 1.5 मिलीमीटर के किर्शनेर तार से हड्डी से जोड़ा गया। फिर टेंडन, धमनी, शिरा व नर्व को जोड़ा गया। रक्त प्रवाह सुचारू होने के बाद त्वचा बंद की गई। पैर को स्थिर रखने के लिए पीओपी स्लैब लगाया गया।
पैर से अंगूठा निकलने के बावजूद मरीज बिना सहारे चल रहा है। इसमें 0.3 मिलीमीटर तक की बारीक आर्टरी जोड़नी पड़ती है। खर्च मात्र 25 से 30 हजार रुपये आया।
मोटिवेट करना सबसे बड़ी चुनौती
प्रोफेसर भटनागर ने बताया कि मरीज को मोटिवेट करना पड़ता है, क्योंकि डर रहता है कि अगर सर्जरी सफल नहीं हुई तो पैर का अंगूठा भी चला जाएगा और हाथ का अंगूठा भी काम नहीं करेगा।
हैंड ट्रांसप्लांट की दिशा में कदम
निदेशक ने दी बधाई
निदेशक प्रोफेसर आरके धीमान ने टीम को बधाई दी और कहा कि अब पीजीआई हैंड ट्रांसप्लांट की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सर्जरी टीम
प्लास्टिक सर्जरी: प्रो. अंकुर भटनागर, डा. राजीव कुमार भारती, डा. निखिलेश कुमार, डा. आइना, डा. सुरभि, डा. जूही, डा. झिलिक, डा. शताक्षी, डा. प्रज्ञा।
एनेस्थीसिया: प्रो. आशीष कनौजिया, डॉ. शिखा, डॉ. अंजलि, डॉ. हर्ष।
ओटी स्टाफ: संजीव, सोनी, रितु, बसंत, पवन।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें