कोशिकाओं की जांच से कैंसर की जल्दी पहचान
देश-विदेश के विशेषज्ञ एसजीपीजीआई में जुटे
साइटोकॉन 2026 आज
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के पैथोलॉजी विभाग में साइटोकॉन 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इंडियन एकेडमी ऑफ साइटोलॉजिस्ट्स के 56वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ 20 नवंबर से होगा और यह 23 नवंबर तक श्रुति सभागार में चलेगा। इसमें भारत सहित विदेशों से करीब एक हजार साइटोपैथोलॉजिस्ट, पैथोलॉजिस्ट, रेजिडेंट और साइटोटेक्नोलॉजिस्ट भाग लेंगे। अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, पोलैंड, क्रोएशिया, रूस और कुवैत से दस अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ 80 से अधिक राष्ट्रीय विशेषज्ञ वक्ता के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन की थीम नेक्स्ट जेन साइटोलॉजी, एआई, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स एंड क्लीनिकल रेलेवेंस रखी गई है।
चार दिवसीय कार्यक्रम में 20 नवंबर को प्री कॉन्फ्रेंस सीएमई होगी। इसका विषय मॉलिक्यूलर साइटोपैथोलॉजी, बियॉन्ड मॉर्फोलॉजी, टुवर्ड्स प्रिसीजन रखा गया है। इसमें थायरॉयड, स्तन, सर्विक्स, फेफड़े, अंडाशय और लार ग्रंथि के ट्यूमर में मॉलिक्यूलर मार्कर पर चर्चा होगी। 21 और 22 नवंबर को मुख्य सम्मेलन में अतिथि व्याख्यान, पैनल चर्चा, क्विज और युवा पैथोलॉजिस्ट के लिए अवार्ड पेपर तथा ई पोस्टर सत्र होंगे। इसमें टाटा मेमोरियल अस्पताल मुंबई के डॉ. भरत रेखी डॉ. पी. एन. वाही ओरेशन देंगे, जबकि क्रोएशिया की डॉ. दानिजेला व्रदोलजाक मोजेटिक आईएसी एकेडमी ओरेशन देंगी। 23 नवंबर को छह हैंड्स ऑन कार्यशालाएं होंगी, जिनमें सर्वाइकल साइटोलॉजी में लिक्विड बेस्ड साइटोलॉजी के साथ मॉलिक्यूलर तकनीक, सेल ब्लॉक, आईसीसी और फिश, लार ग्रंथि साइटोलॉजी, थायरॉयड साइटोपैथोलॉजी, इफ्यूजन साइटोलॉजी तथा वैज्ञानिक प्रकाशन एवं प्रस्तुति शामिल हैं।
लोहिया संस्थान के डॉक्टर सुमित नारायण ने कहा कि कोशिकाओं के छोटे से नमूने से तेज और सटीक जांच का सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा, विशेषकर उत्तर प्रदेश जैसे बड़े प्रदेश में। आयोजन सचिव प्रो. डॉ. राम नवल राव ने कहा कि सीएमई और कार्यशालाओं के माध्यम से युवा पैथोलॉजिस्ट को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से सीधे सीखने का अवसर मिलेगा। प्रतिनिधि लखनऊ की संस्कृति और आतिथ्य का भी अनुभव करेंगे। यह सम्मेलन इंडियन एकेडमी ऑफ साइटोलॉजिस्ट्स के तत्वावधान में हो रहा है, जिसकी अध्यक्ष प्रो. डॉ. मंजू कौशल और सचिव प्रो. डॉ. नलिनी गुप्ता हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें