गर्दन और पेट की आसान माप से पकड़ में आएगा डायबिटीज का खतरा
फीते और कैलीपर से ही हो जाएगी शुरुआती जांच, गांव के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मिलेगा फायदा
कुमार संजय। लखनऊ
अब डायबिटीज की आशंका का पता लगाने के लिए खून की जांच की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। गर्दन की मोटाई और पेट का घेरा नापकर ही काफी हद तक टाइप-2 डायबिटीज के खतरे का शुरुआती अंदाजा लगाया जा सकेगा। इससे समय रहते एहतियात बरतकर डायबिटीज से बचा जा सकेगा। गर्दन, कमर और पेट के घेरे की माप और डायबिटीज के बीच रिश्ते को जानने के लिए शोधकर्ताओं ने अध्ययन में 233 मधुमेह रोगियों और 233 स्वस्थ लोगों यानी कुल 466 प्रतिभागियों को शामिल किया। सभी की शरीर की विभिन्न मापों की तुलना उनके ब्लड शुगर और अन्य जैव-रासायनिक जांचों से की गई। विश्लेषण में पाया गया कि गर्दन की परिधि, पेट की आगे-पीछे की गहराई, त्वचा के नीचे की चर्बी की मोटाई और बॉडी राउंडनेस इंडेक्स के जरिए डायबिटीज की आशंका का पता लगाया जा सकता है। यह माप न सिर्फ डायबिटीज की पहचान में मददगार हैं, बल्कि भविष्य में मेटाबॉलिक सिंड्रोम, हाई बीपी और हृदय रोग जैसी जटिलताओं के जोखिम का भी आकलन कर सकते हैं। शोध को मेडिकल जर्नल 'मेटाबॉलिक सिंड्रोम एंड रिलेटेड डिसऑर्डर्स' ने स्वीकार किया है।
गांव-गांव तक पहुंचेगी जांच
शोध टीम का कहना है कि इन जांचों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये कम खर्चीली हैं और इन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आसानी से किया जा सकता है। इसके लिए किसी बड़ी मशीन या महंगी लैब की जरूरत नहीं है, सिर्फ फीता और कैलीपर से ही शुरुआती स्क्रीनिंग हो सकती है। इससे ग्रामीण इलाकों में भी समय रहते डायबिटीज के खतरे को पकड़ा जा सकेगा।
कितनी माप है खतरनाक
गर्दन की परिधि: पुरुषों में 36-37 सेंटीमीटर और महिलाओं में 32-33 सेंटीमीटर से अधिक होने पर मोटापा, इंसुलिन रेजिस्टेंस और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। कमर की परिधि: पुरुषों में 90 सेंटीमीटर और महिलाओं में 80 सेंटीमीटर से अधिक होने पर मधुमेह और हृदय रोग का जोखिम बढ़ा माना जाता है। बॉडी राउंडनेस इंडेक्स: सामान्यतः 3 से 4.5 के बीच बेहतर माना जाता है, जबकि 5 या उससे अधिक होने पर पेट के आसपास चर्बी बढ़ने और मेटाबॉलिक रोगों का खतरा अधिक हो सकता है। एसएडी और स्किनफोल्ड थिकनेस: इनके लिएअभी कोई एक समान स्वीकृत राष्ट्रीय कट-ऑफ उपलब्ध नहीं है। इनका आकलन उम्र, लिंग और शरीर की बनावट के अनुसार किया जाता है।
कब कराएं ब्लड शुगर की जांच
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इन मापों के साथ वजन बढ़ना, उच्च रक्तचाप, शारीरिक निष्क्रियता या परिवार में मधुमेह का इतिहास भी हो, तो ब्लड शुगर की जांच अवश्य करानी चाहिए।
शोधकर्ता: डा. शिवम वर्मा, डा. रितु तिवारी, डा. नरसिंह वर्मा, डा. श्रद्धा सिंह, डा. अजय कुमार वर्मा और डा. अनुपम मित्तल। सभी शोधकर्ता केजीएमयू के फिजियोलॉजी विभाग से संबद्ध हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें