सरकारी प्रसवपूर्व सेवाओं से सिर्फ 11.1 फीसदी महिलाएं संतुष्ट डॉक्टरों के व्यवहार से 93.1 फीसदी और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यकुशलता से 94 फीसदी महिलाएं संतुष्ट
कुमार संजय | लखनऊ
गर्भावस्था के दौरान सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलने वाली प्रसवपूर्व देखभाल को लेकर महिलाओं की संतुष्टि का स्तर कम पाया गया है। अध्ययन में शामिल 511 हाल में प्रसव कर चुकी महिलाओं में केवल 11.1 फीसदी पूरी तरह संतुष्ट मिलीं। 68.5 फीसदी महिलाएं मध्यम रूप से संतुष्ट थीं, जबकि 20.4 फीसदी महिलाएं असंतुष्ट रहीं। यह शोध एनल्स ऑफ अफ्रीकन मेडिसिन ने स्वीकार किया है।
केजीएमयू के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग तथा सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से यह अध्ययन किया है। शोध दल में डॉ. नमिता सिंह, प्रो. अंजू अग्रवाल, प्रो. मोनिका अग्रवाल और डॉ. रेनू सिंह शामिल हैं।
व्यवहार से संतुष्टि, पर कुल संतुष्टि कम
दिलचस्प यह है कि अध्ययन में शामिल महिलाओं में से 93.1 फीसदी डॉक्टरों के व्यवहार से और 94 फीसदी स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यकुशलता से संतुष्ट थीं। एएनएम के व्यवहार से 76.4 फीसदी और आशा कार्यकर्ता के व्यवहार से 72.6 फीसदी महिलाएं संतुष्ट रहीं। यानी स्टाफ के रवैये और काम को लेकर शिकायतें कम हैं, फिर भी पूरी तरह संतुष्ट महिलाएं सिर्फ 11.1 फीसदी हैं। इसकी वजह जांच, दवा, इंतजार और सुविधाओं की कमियां हैं। शौचालय सुविधा से केवल 28.6 फीसदी महिलाएं संतुष्ट थीं।
आधी महिलाओं को ही मिली पूरी देखभाल
कम से कम 75 फीसदी आवश्यक सेवाओं वाली व्यापक प्रसवपूर्व देखभाल सिर्फ 50.7 फीसदी महिलाओं को मिली। शहरी झुग्गियों में यह आंकड़ा 40.9 फीसदी और ग्रामीण क्षेत्रों में 60.2 फीसदी रहा। केवल 40.6 फीसदी महिलाओं ने चार या अधिक प्रसवपूर्व जांच कराईं, जबकि 11 फीसदी ने एक भी जांच नहीं कराई।
जागरूकता की कमी नहीं दिखती, क्योंकि 91.8 फीसदी महिलाओं ने माना कि गर्भावस्था में नियमित जांच जरूरी है। 53.4 फीसदी ने सरकारी योजनाओं के और प्रचार-प्रसार की जरूरत बताई, और 37.2 फीसदी ने प्रसवपूर्व देखभाल को आर्थिक बोझ माना।
आशा से संपर्क, तो संतुष्टि ज्यादा
करीब 90 फीसदी महिलाओं का आशा कार्यकर्ता से संपर्क हुआ। जिनका संपर्क नहीं हुआ, उनमें संतुष्टि कम पाई गई।
कहां बेहतर, कहां कमजोर
टिटनेस टीका 97.8 फीसदी
वजन जांच 94.1 फीसदी
कैल्शियम 90 फीसदी
हीमोग्लोबिन जांच 89.6 फीसदी
एचआईवी जांच 46 फीसदी
सिफलिस जांच 24.9 फीसदी
हेपेटाइटिस-बी जांच 22.3 फीसदी
180 या अधिक आईएफए गोलियां 12.1 फीसदी
टीका और वजन जैसी सेवाएं लगभग हर महिला को मिलीं, लेकिन संक्रमण की जांच और पर्याप्त आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां बड़ी संख्या में महिलाओं तक नहीं पहुंचीं।
असंतोष के प्रमुख कारण
समय की कमी 29.3 फीसदी
साथ जाने वाला व्यक्ति न होना 28.1 फीसदी
स्वास्थ्य केंद्र की दूरी 26.7 फीसदी
आर्थिक परेशानी 21.4 फीसदी
लंबा इंतजार 20.9 फीसदी
बैठने की अपर्याप्त व्यवस्था 16.5 फीसदी
शोधकर्ताओं की सिफारिशें
अध्ययन के अनुसार संतुष्टि केवल डॉक्टरों के व्यवहार पर निर्भर नहीं करती। इन बातों में सुधार भी उतना ही जरूरी है:
समय पर जांच
सभी आवश्यक जांचों और दवाओं की उपलब्धता
आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका
स्वास्थ्य संबंधी परामर्श
प्रतीक्षा समय में कमी
बैठने और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें