सोमवार, 16 नवंबर 2026

समय से पहले जन्म का खतरा अब खून की जांच से पता चलेगा

 




समय से पहले जन्म का खतरा अब खून की जांच से पता चलेगा 


सीरम एंडोकैन लेवल से 24 घंटे के अंदर डिलीवरी का अनुमान संभव


कुमार संजय | लखनऊ


17 नवंबर को वर्ल्ड प्रीमेच्योर डे है। यह उन बच्चों के लिए है, जो 37 सप्ताह से पहले पैदा होते हैं। शोध वैज्ञानिकों ने एक ऐसे ब्लड मार्कर के बारे  में पता लगाया है जिससे   समय से  पहले प्रसव की भविष्यवाणी में मददगार हो सकता है।शोधकर्ताओं ने खून में मौजूद प्रोटीन सीरम सॉल्युबल एंडोकैन की जांच की। एक साल के शोध में प्रीमेच्योर लेबर से पीड़ित 124 महिलाओं को शामिल किया गया। जिन महिलाओं में एंडोकैन ज्यादा था, उनकी डिलीवरी जल्दी हो गई।


मॉडरेट प्रीमेच्योर में एंडोकैन सबसे ज्यादा 866.64 पीजी/एमएल मिला। वेरी प्रीमेच्योर में 730.68, लेट प्रीमेच्योर में 659.21 और टर्म में 662.50 पीजी/एमएल रहा। 24 घंटे के अंदर डिलीवरी वाली महिलाओं में स्तर 839.52 पीजी/एमएल था। बढ़ा एंडोकैन प्रसव जल्द होने का संकेत है। समय रहते पता चलने पर डॉक्टर स्टेरॉयड इंजेक्शन और बेहतर अस्पताल में रेफर कर सकते हैं।



 

14.47 प्रतिशत बच्चे प्रीमेच्योर होते है पैदा 


राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 के अनुसार, यूपी में 14.47 प्रतिशत बच्चे प्रीमेच्योर पैदा होते हैं, जबकि 20.17 प्रतिशत बच्चे कम वजन के साथ पैदा होते हैं। यानी हर 100 में से करीब 14 से 15 बच्चे समय से पहले जन्म ले रहे हैं। इसलिए समय पर जांच जरूरी है।



 



बॉक्स : किन्हें ज्यादा खतरा?

पहले प्रीमेच्योर डिलीवरी, जुड़वां गर्भ, हाई बीपी, प्री-एक्लेम्पसिया, डायबिटीज, यूरिन-योनि संक्रमण, पानी की थैली समय से पहले फटना, सर्विक्स की कमजोरी, समय से पहले पेट-दर्द, धूम्रपान-तंबाकू-शराब, कम वजन, एनीमिया, जांच न कराना, 18 से कम या 35 से ज्यादा उम्र, गर्भ में ब्लीडिंग।



शोध टीम : केजीएमयू - डॉ. रेखा सचान, डॉ. अनामिका शाही, डॉ. राधे श्याम, डॉ. मुन्ना लाल पटेल,  हरदोई मेडिकल कॉलेज - डॉ. पुष्पलता सचान।यह शोध पत्रिका एनल्स ऑफ अफ्रीकन मेडिसिन ने भी स्वीकार किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें