शुक्रवार, 20 नवंबर 2026

मॉर्फोलॉजी से आगे बढ़ी साइटोपैथोलॉजी, अब मॉलीक्यूलर जांच से तय होगा सटीक इलाज






 मॉर्फोलॉजी से आगे बढ़ी साइटोपैथोलॉजी, अब मॉलीक्यूलर जांच से तय होगा सटीक इलाज





मॉलीक्यूलर मार्कर से तय होगी टारगेटेड थेरेपी,


जीन की पहचान के बिना अब पूरा नहीं होगा कैंसर का इलाज


लखनऊ। अब कैंसर की जांच केवल कोशिकाओं की बनावट देखकर नहीं होगी। कोशिका के अंदर मौजूद जीन और मॉलीक्यूलर बदलावों की पहचान से यह तय होगा कि मरीज को कौन सी दवा सबसे ज्यादा फायदा पहुंचाएगी। इसी सोच के साथ साइटोकॉन 2026 में मॉलीक्यूलर साइटोपैथोलॉजी : बियॉन्ड मॉर्फोलॉजी, टुवर्ड्स प्रिसीजन विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें थायरॉयड, ब्रेस्ट, सर्वाइकल, फेफड़े, ओवरी और सैलाइवरी ग्लैंड के ट्यूमर में मॉलीक्यूलर मार्कर की भूमिका पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए।


लोहिया संस्थान के पैथोलॉजी विभाग, डॉक्टर सुमित नारायण ने कहा कि पहले साइटोपैथोलॉजी का काम सूई से लिए गए नमूने में कैंसर की कोशिका को पहचानने तक सीमित था। अब उसी छोटे से नमूने से मॉलीक्यूलर जांच भी संभव हो गई है। थायरॉयड के ट्यूमर में कई बार कोशिकाएं संदिग्ध दिखती हैं। ऐसे मामलों में मॉलीक्यूलर मार्कर यह स्पष्ट कर देते हैं कि ट्यूमर को ऑपरेशन की जरूरत है या केवल निगरानी काफी होगी। इससे मरीज अनावश्यक ऑपरेशन से बच जाता है। ब्रेस्ट कैंसर में भी मॉलीक्यूलर जांच से यह पता चलता है कि कीमोथेरेपी जरूरी है या हार्मोन वाली दवा से ही इलाज संभव है।


संजय गांधी पीजीआई, पैथोलॉजी विभाग, प्रोफेसर राम नवल ने कहा कि फेफड़े के कैंसर में मॉलीक्यूलर जांच ने इलाज की दिशा ही बदल दी है। अब टारगेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी के लिए जीन में बदलाव की जानकारी अनिवार्य हो गई है। साइटोलॉजी के नमूने से यह जांच हो जाने पर मरीज को बार-बार बायोप्सी की पीड़ा से नहीं गुजरना पड़ता। सर्वाइकल कैंसर में एचपीवी की जांच और ओवरी के ट्यूमर में जीन से जुड़े मार्कर से बीमारी को शुरुआती दौर में पकड़ना आसान हुआ है। सैलाइवरी ग्लैंड के ट्यूमर में भी मॉलीक्यूलर मार्कर से ट्यूमर के प्रकार और उसके व्यवहार का सही अंदाजा लगता है।


संजय गांधी पीजीआई, पैथोलॉजी विभाग, प्रोफेसर मनोज जैन ने कहा कि मॉलीक्यूलर जांच की सफलता नमूने की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। सूई से लिया गया छोटा नमूना सही तरीके से लिया जाए, सही तरीके से रखा जाए और समय पर जांच हो, तभी रिपोर्ट भरोसेमंद बनेगी। उन्होंने कहा कि मॉर्फोलॉजी और मॉलीक्यूलर रिपोर्ट को अलग-अलग नहीं, बल्कि एक साथ पढ़ना चाहिए। जब दोनों निष्कर्ष एक ही दिशा में हों, तभी इलाज का फैसला सबसे सटीक होता है।


तीनों विशेषज्ञों ने कहा कि मॉर्फोलॉजी अब भी जांच की नींव है, लेकिन प्रिसीजन इलाज के लिए मॉलीक्यूलर जानकारी उसका जरूरी पूरक बन गई है। आने वाले समय में हर साइटोपैथोलॉजी प्रयोगशाला में मॉलीक्यूलर जांच की सुविधा होनी चाहिए, ताकि छोटे शहरों के मरीजों को भी बड़े केंद्रों जैसा सटीक इलाज मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें