किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर जागरूकता पहल, क्रिएटिव कॉन्वेंट स्कूल में एचपीवी वैक्सीन पर कार्यक्रम
लखनऊ। सरोजनी नगर के शांति नगर स्थित क्रिएटिव कॉन्वेंट स्कूल में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक किया गया।
सरदार पटेल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रायबरेली रोड, लखनऊ के बीएससी नर्सिंग चतुर्थ वर्ष के रिसर्च ग्रुप-4 द्वारा यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 7 और 8 के छात्र-छात्राओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण, उसके दुष्प्रभाव और सर्वाइकल कैंसर से उसके संबंध के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
नर्सिंग विद्यार्थियों ने सरल भाषा में समझाया कि एचपीवी संक्रमण की रोकथाम में टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में वैक्सीन को लेकर सही जानकारी पहुंचाना, टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था। इस दौरान छात्राओं ने खुलकर अपने सवाल भी पूछे।
यह कार्यक्रम रिसर्च गाइड सिमरन खोखर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। रिसर्च ग्रुप-4 के सदस्यों सुभांशु राज, अंशिका पांडेय, आशुतोष मौर्य, साक्षी सिंह और विवेक यादव ने सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र सचान ने नर्सिंग विद्यार्थियों को इस आयोजन के लिए विद्यालय का मंच प्रदान किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति वैज्ञानिक सोच विकसित करते हैं।
रिसर्च ग्रुप ने विद्यालय प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि किशोरावस्था में दी गई सही स्वास्थ्य शिक्षा ही स्वस्थ भविष्य की नींव बनती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें