दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे एसीपी और पीजीआई इंस्पेक्टर, समिति ने किया सम्मानित
20 अक्टूबर तक चलेगा महोत्सव, रोजाना आरती और भजन संध्या में जुट रहे श्रद्धालु
लखनऊ। रायबरेली रोड स्थित उतरेठिया की श्री कृष्ण विहार कॉलोनी में दुर्गा पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। रविवार को पंडाल का निरीक्षण करने पहुंचे एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव और पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील सिंह का कॉलोनीवासियों ने स्वागत किया। समिति के अध्यक्ष आलोक सिंह और वरिष्ठ नागरिकों ने दोनों अधिकारियों को माता रानी का पटका और गमछा पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें स्मृति चिह्न के रूप में तस्वीर भेंट करने के साथ प्रसाद भी दिया गया।
समिति के अध्यक्ष आलोक सिंह ने बताया कि 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित महोत्सव में प्रतिदिन सुबह और शाम आरती होती है। रात में भजन संध्या का आयोजन किया जाता है, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन के जरिए कॉलोनी में धार्मिक आस्था और आपसी मेलजोल को बढ़ावा दिया जा रहा है। अधिकारियों के आगमन पर समिति के सदस्यों ने आभार जताया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें