बधिर बच्चों को अक्षर सिखाएंगे 3डी एनिमेटेड वीडियो
मस्तिष्क शोध पर आधारित, हिंदी के 49 और अंग्रेजी के 26 अक्षरों की श्रृंखला तैयार
लखनऊ
बधिर बच्चों को अक्षर पहचानना और लिखना सिखाने के लिए सीबीएमआर की डा. उत्तम कुमार ने 3डी एनिमेटेड वीडियो श्रृंखला तैयार की है। यह 3 से 8 वर्ष के बच्चों के लिए है और लैब के 2018 से 2024 के सात मस्तिष्क अध्ययनों पर आधारित है। इसमें अंग्रेजी के 26 और हिंदी के 13 स्वर व 36 व्यंजन सहित 49 अक्षर हैं। शिक्षकों-अभिभावकों के लिए दो मिनट का निर्देश वीडियो भी हिंदी-अंग्रेजी में बनाया गया है।
देखकर सीखेंगे, लिखने का करेंगे अभ्यास
डा. उत्तम कुमार के अनुसार वीडियो में अक्षर को वस्तु और शब्द से जोड़कर सिखाया गया है। बच्चा वस्तु देखता है, फिर अक्षर बनने का क्रम देखकर हवा में या कागज पर अभ्यास करता है। पूरी प्रक्रिया दृश्य आधारित है, सुनने पर निर्भरता नहीं है। हर अक्षर तय क्रम में दिखता है, जिससे ध्यान बना रहता है।
कक्षा और घर दोनों जगह इस्तेमाल
शिक्षक बड़े पर्दे पर वीडियो रोक-रोककर अभ्यास करा सकते हैं। अभिभावक मोबाइल या टीवी से घर पर अभ्यास करा सकेंगे। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण या महंगे उपकरण की जरूरत नहीं है।
विशेष विद्यालयों को मिलेगी सामग्री
यह श्रृंखला विशेष, समावेशी विद्यालयों, पुनर्वास केंद्रों और कॉक्लियर इम्प्लांट के बाद भाषा सीख रहे बच्चों के लिए उपयोगी होगी। इसमें डीएसएमएनआरयू के डा. मृत्युंजय मिश्रा और एसजीपीजीआईएमएस के हेड एंड नेक विभाग के प्रमुख प्रो. अमित केशरी का सहयोग रहा। श्रृंखला लैब की वेबसाइट पर निःशुल्क उपलब्ध होगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें