बुधवार, 2 सितंबर 2026

कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में पोषण सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम



कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में पोषण सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम


 कीमो-रेडियोथेरेपी के दौरान शरीर की प्रोटीन और कैलोरी की बढ़ जाती है जरूरत 



लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह 2026 पर आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि कैंसर के इलाज में दवा के साथ सही पोषण आधी जंग है। 

क्या खाएं, क्या नहीं - विशेषज्ञों की राय

रोगियों को हाई प्रोटीन आहार जैसे अंडा, दालें, पनीर, दही, सोया, लीन चिकन, एंटीऑक्सीडेंट युक्त फल-सब्जियां, हरी पत्तेदार सब्जियां, पपीता, अमरूद, अनार, और ज्वार-बाजरा, दलिया, ओट्स जैसे साबुत अनाज लेना चाहिए। साथ ही दिन में 2.5 से 3 लीटर पानी, नारियल पानी, छाछ और सूप से हाइड्रेशन बनाए रखना जरूरी है। 


वहीं प्रोसेस्ड और रेड मीट, सॉसेज, बेकन, पैकेज्ड नमकीन, कोल्ड ड्रिंक, मैदा, ज्यादा चीनी, तला-भुना, अधिक नमक-अचार, कच्चा-अधपका भोजन, बाहर का कटा फल, शराब और तंबाकू से पूरी तरह परहेज करना चाहिए, क्योंकि ये इम्यूनिटी घटाते हैं और इंफेक्शन का खतरा बढ़ाते हैं।

डॉ. गीतिका पंत के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन

यह कार्यक्रम पैडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी विभाग की अतिरिक्त प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. गीतिका पंत के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर देखभाल में संतुलित पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कीमो-रेडियोथेरेपी में बढ़ जाती है प्रोटीन की जरूरत

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. गीतिका पंत के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि कीमो-रेडियोथेरेपी के दौरान शरीर की प्रोटीन और कैलोरी की जरूरत बढ़ जाती है। सही डाइट न मिलने पर वजन घटना और कमजोरी बढ़ती है। डायटिशियन सुगंधा ने ‘कैंसर केयर में पोषण का महत्व’ पर थीम टॉक दी और छोटे-छोटे, बार-बार भोजन की सलाह दी।

निदेशक बोले - समग्र उपचार पर फोकस

मुख्य अतिथि निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि संस्थान में समग्र उपचार के तहत पोषण परामर्श पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विशिष्ट अतिथि डॉ. पूनम तिवारी, विभागाध्यक्ष, डायटेटिक्स, राम मनोहर लोहिया संस्थान ने भी पोषण के वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। अंत में डायटिशियन साक्षी द्वारा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें