प्रो. प्रमोद गुप्ता बने कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के डीन बनने पर स्टाफ ने दी बधाई
लखनऊ। कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर प्रमोद गुप्ता को डीन नियुक्त किया गया है। प्रो. गुप्ता लंबे समय से कैंसर उपचार, शोध और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं तथा उन्हें इस क्षेत्र का व्यापक अनुभव है। उनकी नियुक्ति से संस्थान में उपचार सेवाओं की गुणवत्ता और शोध गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रो. गुप्ता वर्तमान में कीमोथेरेपी डे केयर वार्ड के फैकल्टी इंचार्ज भी हैं, जहां प्रतिदिन करीब 40 से 50 मरीजों को कीमोथेरेपी की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा वे राज्य सरकार के चिकित्सकों को भी कीमोथेरेपी संबंधी प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं, जिससे प्रदेश भर में कैंसर उपचार सेवाओं को सुदृढ़ किया जा सके।
उनकी नियुक्ति पर कीमोथेरेपी डे केयर वार्ड के नर्सिंग ऑफिसर व स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में दिनेश सिंह, सुशील मौर्य, मोहिना, शिखा पांडेय, पूर्णिमा दीक्षित, विंध्यवासिनी त्रिपाठी , साधना मिश्रा और सविता सिंघल शामिल रहीं।
संस्थान प्रशासन का मानना है कि उनके नेतृत्व में मरीजों को आधुनिक तकनीकों के साथ बेहतर व समयबद्ध इलाज मिल सकेगा। साथ ही चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी मजबूती मिलेगी। यह नियुक्ति प्रदेश में कैंसर इलाज की सुविधाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
